उत्तराखंड, देहरादून।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), देहरादून में डायट प्राचार्य हेमलता गौड़ उनियाल के दिशा-निर्देशन में विद्यार्थियों के लिए रोचक, ज्ञानवर्धक और उपयोगी एनिमेटेड वीडियो कंटेंट तैयार करने के उद्देश्य से WOW (World of Wonders) Podcast कार्यशाला का आयोजन 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक किया गया।
इस कार्यशाला की अवधारणा, रूपरेखा, विकास और क्रियान्वयन कार्यक्रम समन्वयक डायट प्रवक्ता ऋचा जुयाल द्वारा किया गया।
कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ हिमांशु रावत (रा.प्रा.वि. जगथान, चकराता), गौरव मेहता (रा.प्रा.वि. बांगोती, चकराता) तथा ओमप्रकाश (रा.प्रा.वि. साहियापाटन, कालसी) ने जनपद के विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को ध्यान में रखते हुए विज्ञान, स्वास्थ्य, जीवन कौशल और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर आयु-उपयुक्त, रोचक और संवादात्मक एनिमेटेड स्क्रिप्ट तैयार कीं।
कार्यशाला के दौरान बच्चों एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशा-मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने के लिए नशा मुक्ति जागरूकता पर आधारित एनिमेटेड डिजिटल कंटेंट का भी निर्माण किया गया।
कार्यक्रम समन्वयक ऋचा जुयाल ने न्यूज ओसियन को बताया कि
इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण, मनोरंजक और सीखने योग्य डिजिटल सामग्री को पहुँचाना है, ताकि उनकी जिज्ञासा बढ़े, सीखने की प्रक्रिया अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बने तथा शिक्षा उनके लिए एक यादगार अनुभव बन सके।
WOW Podcast के माध्यम से डायट देहरादून नवाचार और डिजिटल शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।






