*साइबर सिक्योरिटी कॉमिक बुक और POCSO पोस्टर निर्माण– डिजिटल जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल.*
उत्तराखंड, देहरादून। डायट प्राचार्य हेमलता गौड़ उनियाल के मार्गदर्शन में
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), देहरादून में विद्यार्थियों को डिजिटल युग में सुरक्षित एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से डिजिटल साइबर सिक्योरिटी कॉमिक बुक और पौक्सो (POCSO) जागरूकता पोस्टर्स का विकास डायट प्रवक्ता ऋचा जुयाल द्वारा एक विशेष शैक्षिक पहल के अंतर्गत किया गया। उनके द्वारा विकसित यह सामग्री विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के मूल सिद्धांतों, ऑनलाइन खतरों की पहचान तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के व्यावहारिक तरीकों से परिचित कराती है। उक्त सामग्री के विकास में विषय विशेषज्ञ राज मोहन रावत (रा0उ0मा0वि0 पिपाया kalsi) और डायट प्रवक्ता बिपिन भट्ट द्वारा सहयोग किया गया।
इस पहल के अंतर्गत तैयार की गई डिजिटल कॉमिक बुक को सरल, रोचक और चित्रात्मक शैली में विकसित किया गया है, जिससे विद्यार्थी आसानी से साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, हैकिंग, साइबर बुलिंग तथा डेटा चोरी जैसी समस्याओं को समझ सकें और उनसे बचाव के उपाय सीख सकें। इस के माध्यम से डिजिटल अनुशासन, सुरक्षित पासवर्ड उपयोग, सोशल मीडिया सतर्कता और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किए गए हैं।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि वे तकनीक का सुरक्षित, जिम्मेदार एवं सकारात्मक उपयोग कर सकें।
साथ ही, POCSO (Protection of Children from Sexual Offences) अधिनियम पर आधारित डिजिटल पोस्टर्स विद्यालयी बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान, अपने अधिकारों तथा किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में तुरंत सहायता लेने के प्रति जागरूक बनाने के लिए विकसित किये गए हैं। ये पोस्टर्स बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने, चुप्पी तोड़ने के लिए प्रेरित करने के लिए और विद्यालय में सुरक्षित तथा संवेदनशील वातावरण के निर्माण के लिए विकसित किये गए हैं।
डायट देहरादून द्वारा की गई यह पहल नवाचार आधारित शिक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जो विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल चुनौतियों के प्रति सजग और सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
|
|
साइबर सिक्योरिटी कोमिक बुक और पोकसो पोस्टर निर्माण डायट देहरादून की सार्थक पहल
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






