उत्तराखंड, चम्पावत।
डायट चम्पावत, लोहाघाट में मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट और जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एवं डायट प्राचार्य मान सिंह के दिशा निर्देशन में प्रभारी प्राचार्य डॉ आशुतोष वर्मा, डॉ नवीन जोशी और डॉ ए के मिश्रा ने सामाजिक विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया। आयोजन में जिले के दूरदराज के चारों विकासखंडों के प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों ने भाषण, क्विज तथा मॉडल प्रदर्शनी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जनपद सह समन्वयक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय के संचालन में आयोजित महोत्सव में विद्यार्थियों ने समसामयिक सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखे। जनपद समन्वयक डॉ अनिल कुमार मिश्रा ने महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की तथा सभी अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया।

इस अवसर पर बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र बने, जिसमें प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत जैसे विषयों पर नवाचारी प्रयोग किए। महोत्सव की सर्वाधिक रोचक प्रतियोगिता क्विज के चारों चरणों को संचालक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसे बच्चों ने अत्यधिक पसंद किया। क्विज प्रतियोगिता में रैपिड फायर राउंड तथा बजर राउंड आकर्षण का केंद्र रहे। अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को सामाजिक विज्ञान विषय के अध्ययन को जीवन से जोड़ने तथा व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक क्षमता को बढ़ाते हैं और उन्हें जागरूक नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर सामाजिक विज्ञान महोत्सव के जनपद सह समन्वयक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय को सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में नवाचारी प्रयासो तथा शैलेश मटियानी राज्य उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने के उपलक्ष्य में शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता में सिमरन जोशी, असद अली खान तथा आयुष ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार मॉडल प्रदर्शनी में भावना जोशी, शिवम तथा रितिक बोहरा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में तेजस अधिकारी, रितिक भंडारी, मनीष पचौली ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन सत्र में बीईओ घनश्याम भट्ट ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। अंत में जनपद संयोजक डॉ अनिल कुमार मिश्रा तथा जनपद सह संयोजक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय द्वारा अतिथियों, निर्णायकों, समस्त संकुल एवं विकासखंड समन्वयकों, मार्गदर्शक शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया और उन्होंने भविष्य में सामाजिक विज्ञान महोत्सव को और शानदार तरीके से आयोजित करने का संकल्प लिया तथा राज्य हेतु चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम के आयोजन में निर्णायक के रूप में डॉ भूप सिंह धामी, राजीव गाँधी नवोदय प्राचार्य राम कुमार मिश्रा, केंद्रीय विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता गौरव कुमार यादव, संकाय सदस्य शिवराज सिंह तड़ागी, लता आर्य, दीपक सोराडी तथा अभिलेखीकरण में खंड समन्वयक महरोज मियां, प्रकाश सिंह, बी एन गोस्वामी, इंद्रलाल वर्मा, गणेश दत्त पंत, मेनका वर्मा, राखी गहतोड़ी, रवीश पचौली, सुरेश राम आर्य, चन्द्र लाल शाह, विनोद प्रसाद गहतोड़ी, अनिल कुमार, त्रिभुवन सिंह, जगदीश चन्द्र, रेनू मेहता, गीता सांगुड़ी आदि ने विशेष सहयोग किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट तथा जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एवं डायट प्राचार्य मान सिंह ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित की।






