उत्तराखंड,लोहाघाट। चंपावत जनपद के राउमावि खूनाबोरा की मेधावी छात्रा कोमल विश्वकर्मा ने राज्य हैकथॉन प्रतियोगिता में उत्तराखंड की वरीयता सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है। नेशनल जूरी के समक्ष अपने प्रोजेक्ट को प्रस्तुत करने के लिए कोमल अपने मार्गदर्शक शिक्षक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय और एस्कॉर्ट शिक्षिका पूनम त्रिपाठी के साथ देहरादून के लिए रवाना हो चुकी हैं। यह क्षण केवल कोमल के लिए नहीं, बल्कि उन हजारों छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने की क्षमता रखते हैं।
कोमल के मार्गदर्शक शिक्षक प्रकाश चंद्र उपाध्याय के अनुसार कोमल द्वारा तैयार प्रोजेक्ट में नवाचार, समस्या-समाधान और उन्नत तकनीक का जिस उत्तम संतुलन में प्रयोग किया गया, वह उनकी गहरी समझ और स्वाध्याय की क्षमता का परिचायक है। कोमल की सफलता के पीछे श्री उपाध्याय की प्रेरणा और लगातार प्रयास की सराहना की जा रही है। श्री उपाध्याय की छवि एक नवाचारी शिक्षक की है जो बच्चों को रचनात्मक कार्यों के प्रति प्रेरित करते रहते हैं।
आज जब शिक्षा तेजी से तकनीक केंद्रित हो रही है, कोमल का यह सफर सिद्ध करता है कि नवाचार आधारित अधिगम यदि विद्यालय स्तर पर ही सशक्त किया जाए, तो ग्रामीण छात्र भी वैश्विक परिदृश्य में उल्लेखनीय पहचान बना सकते हैं। राष्ट्रीय जूरी के समक्ष उनका आगामी प्रस्तुतीकरण निश्चित रूप से चंपावत और उत्तराखंड दोनों को गौरवान्वित करेगा।
इस गौरवमयी उपलब्धि पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनन्द सिंह अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, डायट प्राचार्य मान सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, बीईओ लोहाघाट घनश्याम भट्ट, बीईओ चंपावत भारत जोशी, बीईओ पाटी संजय भट्ट, बीईओ बाराकोट कमल भट्ट तथा प्रधानाचार्य खीमानंद पाण्डेय ने कोमल और उनके मार्गदर्शक शिक्षक को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।






