*नैनीताल ने राज्य स्तरीय संस्कृत स्पर्धा में परचम लहराया
*वरिष्ठ वर्ग में प्राप्त किए तीन प्रथम स्थान, चल वैजयंती ट्रॉफी पर कब्ज़ा
उत्तराखंड,हरिद्वार। दिनांक 03 से 04 दिसंबर, 2025 तक हरिद्वार में आयोजित राज्य स्तरीय संस्कृत स्पर्धा में जनपद नैनीताल ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 जनपदों से कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों ने संस्कृत नाटक, समूहगान, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण तथा श्लोकोच्चारण जैसी विविध विधाओं में भाग लिया।
इसमें जनपद नैनीताल ने वरिष्ठ वर्ग की तीन प्रमुख स्पर्धाओं—समूहगान, वाद-विवाद और आशुभाषण—में प्रथम स्थान प्राप्त कर चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की।
वरिष्ठ वर्ग के समूहगान में के.वी.एम. पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी की टीम ने मार्गदर्शक शिक्षक अजय सरोहा के नेतृत्व में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
आशुभाषण स्पर्धा में राजकीय इंटर कॉलेज, पश्यां की छात्रा दीपिका परगाई ने अपने वाक्-कौशल, धाराप्रवाह संस्कृत और प्रभावी तर्कशक्ति से 12 प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
दीपिका को यह सफलता उनके शिक्षक राजेश चन्द्र पोखरिया के मार्गदर्शन और सतत अभ्यास का परिणाम बताई गई।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में नैनीताल के गुड्डू रुवाली और चंदु ने निर्णायक मंडल के सामने अपने सशक्त पक्ष-विपक्ष, व्याकरण-सम्मत भाषा और तर्कपूर्ण शैली से सबको प्रभावित किया।
शिक्षक डॉ हेमन्त कुमार जोशी के मार्गदर्शन में उन्होंने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान अर्जित कर नैनीताल जनपद का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के साथ जनपद संयोजक डॉ हेम चन्द्र जोशी,
सह-संयोजक डॉ राजेन्द्र भट्ट,
साथ ही जानकी त्रिपाठी, मधुकर उपाध्याय, कैलाश सनवाल, मोहित जोशी,
तथा डॉ हेम चन्द्र तिवारी का सराहनीय योगदान रहा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल गोविन्द राम जायसवाल ने नैनीताल जनपद की इस उपलब्धि को अत्यंत गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे छात्र – छात्राओं की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों एवं संयोजकों की निष्ठा भी समान रूप से प्रशंसनीय है।
उन्होंने जनपद संयोजक डॉ हेम चन्द्र जोशी को जनपद एवं राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं के सफल संपादन एवं समन्वयन के लिए बधाई प्रेषित की। जनपद संयोजक डॉ हेम चन्द्र जोशी, सह संयोजक डॉ राजेन्द्र भट्ट तथा डायट प्रवक्ता डॉ हेम चन्द्र तिवारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल को विजयी ट्राॅफी भेंट की। इस अवसर पर राजेश कुमार जोशी, प्रदीप कुमार तिवारी आदि उपस्थित रहे।






